Giridih jharkhandJharkhandराज्य

गिरिडीह सड़क हादसा: बगोदर में भीषण दुर्घटना, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौ*त

अम्बाडीह मोड़ पर हुआ हादसा, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, क्षेत्र में मातम का माहौल

 

गिरिडीह, झारखंड — जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई। अम्बाडीह मोड़ के समीप तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई, जिससे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटकी सरिया निवासी आशीष कुमार बर्णवाल अपनी पत्नी श्वेता बर्णवाल और डेढ़ वर्षीय पुत्र पलटू के साथ रांची से सरिया लौट रहे थे। देर रात के समय, अम्बाडीह मोड़ के निकट उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को वाहन से बाहर निकाला गया और तुरंत बगोदर सीएचसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर श्वेता बर्णवाल और मासूम पलटू को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल आशीष कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

 

घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घर में मातम पसरा है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और गति नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

 

संवाददाता, हीरोडीह

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!