बकरीद को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, बेंगाबाद में फ्लैग मार्च निकाला गया।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू रहे मौजूद।

मुकेश वर्मा/ संवादाता NO1 NEWS JHARKHAND BIHAR
बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को बेंगाबाद थाना परिसर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने किया। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार मुर्मू भी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से निकलकर बेंगाबाद बाजार, मुख्य चौक, सुभाष चौक, हटिया रोड समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह साज-सज्जित और मुस्तैद दिखा।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू ने भी क्षेत्रवासियों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकरीद एक पावन पर्व है, इसे सभी समुदायों के बीच आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए।
प्रशासन की यह तैयारी स्पष्ट संकेत देती है कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।