इटावा में यादव कथावाचक के साथ अमानवीय कृत्य के विरोध में राष्ट्रीय यादव सेना ने किया भारत बंद का ऐलान

इटावा, 29 जून 2025:
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक यादव जाति के कथावाचक के साथ किए गए अमानवीय एवं जघन्य कृत्य—बाल जबरन काटना, सिर मूंडवाना, महिला के पेशाब से शुद्धिकरण करवाना तथा पेशाब छिड़कना—ने पूरे देश में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। इस अमानवीय व्यवहार के विरोध में राष्ट्रीय यादव सेना ने 1 जुलाई को भारत बंद का ऐलान किया है।
राष्ट्रीय यादव सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह घटना न केवल एक व्यक्ति के आत्मसम्मान पर हमला है, बल्कि पूरे यादव समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

बंद के मुख्य बिंदु:
1 जुलाई को भारत के विभिन्न राज्यों में पूर्णत: शांतिपूर्ण भारत बंद का आयोजन होगा।
बंद में यादव सेना के कार्यकर्ता, समाजिक संगठन और आम नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
न्याय की मांग को लेकर जिलों में ज्ञापन सौंपा जाएगा एवं कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
यादव सेना ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।

इस घटना ने जातीय असमानता और सामाजिक उत्पीड़न के पुराने जख्मों को एक बार फिर ताजा कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या ठोस कदम उठाता है और भारत बंद का कितना असर देश भर में देखने को मिलता है।




