बेंगाबाद पुलिस का समकालीन अभियान : 19 साल से फरार वारंटी सहित 4 गिरफ्तार।

मुकेश कुमार/संवादाता NO1 NEWS jharkhand Bihar
गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर बेंगाबाद थाना पुलिस ने विगत रात्रि विशेष समकालीन अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक ऐसा आरोपी भी शामिल है जो करीब 19 वर्षों से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोर और जुडपनिया गांव में न्यायालय से निर्गत वारंटों की तामिला हेतु पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पांडु मांझी पिता स्वर्गीय दोगल मांझी, निवासी जुडपनिया, को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके विरुद्ध न्यायालय द्वारा कुर्की का आदेश जारी था। बताया जाता है कि पांडु मांझी वर्ष 2006 में दर्ज एक फॉरेस्ट केस में फरार चल रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वे अपने घर पर ही मौजूद हैं। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया।
इसके अलावा तीन अन्य वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिन पर न्यायालय में अनुपस्थित रहने के कारण वारंट जारी हुआ था। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इनमें से कुछ आरोपी जमानत की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। पुलिस ने इस संबंध में कहा कि न्यायालय से अभिलेखों की जांच के उपरांत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बेंगाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महोदय के आदेश पर लगातार फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।




