गिरिडीह में दर्दनाक हादसा : डोभा में डूबकर भाई-बहन की मौत।

मुकेश कुमार/संवादाता NO1 NEWS jharkhand news
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फिट कोरिया पंचायत के पतरोडीह गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी दिनेश दास का छह वर्षीय पुत्र प्रिंस तथा चार वर्षीय पुत्री डोभा में डूबकर मौत के शिकार हो गए। लड़की का नाम समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका था।
जानकारी के अनुसार, सुबह दोनों मासूम बच्चे शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पास स्थित डोभा में पैर फिसलने से दोनों पानी में गिर पड़े। उम्र कम होने और तैरना न जानने के कारण वे डूब गए। आसपास के ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आज भी शौचालय की भारी कमी है, जिसके चलते लोगों को मजबूरी में खुले में शौच जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हर घर में शौचालय होता तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वे इस विषय को गंभीरता से उठाएँगे। मासूम भाई-बहन की असमय मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।




