जमुआ में जातिगत टिप्पणी करते हुए दुकान में तोड़फोड़, पीड़ित ने थाना में दिया आवेदन

रिपोर्टर – चंदन राय
लोकेशन – जमुआ, जिला गिरिडीह
जमुआ प्रखंड अंतर्गत नवडीहा ओपी थाना क्षेत्र के नाथराडीह निवासी हिरो कुमार दास (पिता – राजकुमार रविदास, उम्र – 23 वर्ष) ने अज्ञात लोगों पर दुकान में तोड़फोड़ और जातिगत धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 18 अगस्त 2025 की रात करीब 11 बजे की है। उस समय लगभग 10 से 12 अज्ञात व्यक्ति कुदाल, गेंता और अन्य हथियार लेकर खरियो मोड़, मौजा विशोराडीह स्थित उसकी दुकान पर पहुंचे।

हिरो दास का कहना है कि उसकी दुकान में छत और लोहे का गेट लगा हुआ था, जिसे आरोपियों ने बुरी तरह से तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, जाते-जाते उन्होंने जातिगत टिप्पणी करते हुए धमकाया और कहा –
“अरे चमार, बिना बताए इस जगह पर दुकान खोल दिया है?”
पीड़ित ने बताया कि इस घटना के बाद आरोपी लोग गाली-गलौज और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित हिरो कुमार दास ने नवडीहा ओपी थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान के लिए छानबीन जारी है।




