खोजाटोल में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ के नारे, कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने किया विरोध प्रदर्शन
चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, जिसका दायित्व निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना है। लेकिन जब यह संस्था पारदर्शिता में विफल होती है, तो लोकतंत्र की नींव कमजोर हो जाती है और जनता का विश्वास डगमगा जाता है। उन्होंने संसद भवन में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक करार देते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का अहम हिस्सा है और जनता की आवाज दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।

रिपोर्ट:चन्दन कु. राय
गिरिडीह
खोजाटोल, गिरिडीह — राहुल गांधी द्वारा हाल ही में वोट चोरी को लेकर किए गए खुलासे के बाद देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में ग्राम खोजाटोल में कांग्रेस नेता अनिल चौधरी के नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी के साथ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ के नारों से पूरे माहौल को गुंजायमान कर दिया।
इस मौके पर अनिल चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, जिसका दायित्व निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना है। लेकिन जब यह संस्था पारदर्शिता में विफल होती है, तो लोकतंत्र की नींव कमजोर हो जाती है और जनता का विश्वास डगमगा जाता है। उन्होंने संसद भवन में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक करार देते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का अहम हिस्सा है और जनता की आवाज दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में मोदी सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय की व्यवस्था बदलकर अपनी सुविधा के अनुसार लागू करना, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि इस विषय पर संसद और जनता के बीच खुली व पारदर्शी चर्चा हो।
विरोध प्रदर्शन में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। मौके पर गुड्डू चौधरी, राहुल चौधरी, परशुराम चौधरी, बिगन महथा, बरजु महथा, जरिया देवी, धनवा देवी, दर्पण देवी, छवियां देवी, झलकी देवी, सुमित्रा देवी, प्रीती देवी, पुरानी देवी, काजल देवी, भवानी देवी, रानी देवी, रेणु देवी सहित कई लोग शामिल हुए।




