लेदा दुर्गा मंडप में जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना, मां दुर्गा से मांगी जिले की खुशहाली की कामना।

मुकेश कुमार /संवादाता NO1 NEWS JHAEKHAND BIHAR
गिरिडीह : मुफ्फसिल क्षेत्र
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गिरिडीह मुफ्फसिल क्षेत्र के लेदा दुर्गा मंडप में मंगलवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर जिले और राज्य के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सबसे पहले मां दुर्गा की आरती एवं पूजा विधि-विधान से की गई। इस दौरान वातावरण भक्तिमय गीतों, जयकारों और शंखनाद से गूंज उठा। पूजा-अर्चना में माननीय राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद , माननीय मंत्री श्री सुदीब्य कुमार सोनू, झारखंड की नारी शक्ति की प्रतीक गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन, केंद्रीय समिति सदस्य श्री प्रणव वर्मा , गिरिडीह उपायुक्त श्री रामनिवास यादव जी, जमुआ के निवर्तमान विधायक श्री केदार हाजरा एवं झामुमो जिलाध्यक्ष श्री संजय सिंह ने सम्मिलित होकर माता रानी से जिले में सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।

इस दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूजा समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और मंडप में चल रहे भव्य सजावट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने लेदा दुर्गा पूजा मंडप की भव्यता और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं।
राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से झारखंड राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में जिले में विकास की गति और तेज होगी। मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू व विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी मां दुर्गा से प्रदेश की शांति और जनता की मंगलकामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात सभी अतिथियों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण में भी भाग लिया और लोगों से नवरात्रि पर्व को आपसी सद्भाव और मिलजुल कर मनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में समिति ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया ।




