
गिरिडीह / बैंगाबाद: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बारासोली, गिरिडीह स्थित चाणक्य पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद नर्सरी वर्ग के बच्चों का चंदन-टीका लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, दौड़, ऊँची कूद, लंबी कूद, बोतल रेस, म्यूज़िकल चेयर सहित कई रोचक प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बिना आग के भोजन बनाने की विशेष गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने झाल-मुढ़ी, सलाद, ब्रेड, पानी पूरी आदि स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
इस शुभ अवसर पर विद्यालय परिसर में एक नए पुस्तकालय का शुभारंभ भी किया गया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि पुस्तकालय की शुरुआत का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना तथा उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों एवं विविध विषयों पर उपयोगी ज्ञान उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रिका प्रसाद वर्मा, शिक्षक अरविंद सर, निकिता कुमारी और पूजा कुमारी सहित सभी स्टाफ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




