बेंगाबाद में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर जब्त, बड़ा हादसा टला।

मुकेश कुमार/संवादाता NO1 NEWS Jharkhand Bihar
बेंगाबाद प्रखंड में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बेंगाबाद के C.O.अमीर हमजा के नेतृत्व में मोतीलेदा क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों पर मंगलवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से बालू उठाव में संलिप्त तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया, जिनमें से तीन ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम को देखते ही बालू माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई। एक ट्रैक्टर चालक बालू लदे वाहन को लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा। भागने के क्रम में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि ट्रैक्टर पलटने की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। हालांकि ट्रैक्टर को आंशिक क्षति पहुंची है।

C.O. अमीर हमजा ने बताया कि मोतीलेदा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आलोक में यह छापेमारी अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध बालू खनन से न केवल सरकार को राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की लगातार कार्रवाई से अवैध बालू खनन पर प्रभावी रोक लगेगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



