फोन-पे/गूगल-पे पर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र में की गई। साइबर डीएसपी आबिद खाँ ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।

डीएसपी ने बताया कि ताराटांड़ जाने वाली मुख्य सड़क स्थित उसरी नदी पुल के पास झाड़ियों में कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए ठगी कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फोन-पे/गूगल-पे पर रेंडम मोबाइल नंबर डालकर यूपीआई से लिंक अकाउंट की जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को कॉल कर झांसे में लेकर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर निवासी किशोरी ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार शर्मा और हरिहर यादव के पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




