गिरिडीह: खंडोली मोड़ के पास अवैध फूड स्टॉलों से बढ़ रही गंदगी, प्रशासन मौन…
गिरिडीह जिले के खंडोली मोड़ के पास इन दिनों लगातार फूड और फल के अस्थायी स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इन स्टॉलों के कारण क्षेत्र में गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सबसे बड़ी लापरवाही यह देखने को मिल रही है कि दुकानदार खाने-पीने के सामान का कचरा सड़क किनारे और आसपास खुले में फेंक कर चले जाते हैं।
नंबर वन न्यूज़ चैनल के स्थानीय संवाददाता नवीन कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान देखा गया कि सड़क किनारे जगह-जगह प्लास्टिक, फल-सब्जियों के अवशेष और अन्य कचरा फैला हुआ है, जिससे पूरा इलाका गंदगी और बदबू की चपेट में है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ये फूड और फल विक्रेता अधिकतर बाहर से आते हैं, अस्थायी रूप से स्टॉल लगाते हैं और कारोबार समाप्त होते ही क्षेत्र की सफाई किए बिना चले जाते हैं। इससे खंडोली मोड़ का इलाका लगातार प्रदूषित होता जा रहा है और आने-जाने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की गई और न ही अवैध रूप से लगे स्टॉलों पर कोई रोक लगाई गई है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले का संज्ञान ले, नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करे और बिना अनुमति लगाए जा रहे फूड स्टॉलों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि खंडोली मोड़ को गंदगी और प्रदूषण से बचाया जा सके।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और आम लोगों को राहत मिल पाती है या नहीं।




