खरगडीहा की बेटी आरती कुमारी बनीं ASO, JSSC CGL में सफलता से गांव में खुशी की लहर

रिपोर्टर: चंदन राय
लोकेशन: जमुआ
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत खरगडीहा गांव निवासी कृष्णा साव की पुत्री आरती कुमारी ने JSSC CGL परीक्षा में सफलता प्राप्त कर झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार विभाग में सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) के पद पर नियुक्त होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, रिश्तेदारों एवं गांव-समाज में हर्ष और गर्व का माहौल है।
आरती कुमारी की सफलता की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। जमुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया सुनील कुमार साव, ग्रामीण अनूप साहू, भीम साहू, सुमन कुमार सहित गायत्री परिवार के सदस्यों ने मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आरती कुमारी ने कहा कि यह मुकाम उन्हें कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास से मिला है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर के साथ-साथ अपने माता-पिता को दिया। आरती ने बताया कि जीवन में कई कठिनाइयों और असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। लगातार परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर आज वह ASO के पद तक पहुंच सकीं।
आरती कुमारी की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा खरगडीहा गांव गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।




