प्रशासन की सख्ती के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई मां सरस्वती पूजा

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली गांव में मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा, अनुशासन और शांति के वातावरण में संपन्न हुई। पूजा का आयोजन 23 जनवरी को किया गया, जबकि 24 जनवरी को विधि-विधान के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
प्रशासन की ओर से पहले ही साफ तौर पर निर्देश जारी किए गए थे कि पूजा स्थल पर शराब सेवन, अशोभनीय व्यवहार या हंगामा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

प्रशासन की इस सख्ती और अपील का ग्रामीणों ने पूर्ण रूप से पालन किया। पूजा और विसर्जन के दौरान कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही, जिससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। वहीं पप्पू जी ने कहा कि मां सरस्वती की पूजा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि समाज में अनुशासन और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी देती है।

पूजा और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर गांव में खुशी का माहौल रहा और लोगों ने प्रशासन तथा एक-दूसरे के सहयोग के लिए आभार जताया।



