
गिरिडीह | सिहोडीह से रिपोर्ट
गिरिडीह जिले के सिहोडीह क्षेत्र में नए पुल के समीप जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बताया जा रहा है कि यह विवाद प्रथम पक्ष मीना देवी और द्वितीय पक्ष पुनम देवी सिरसिया के बीच चल रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रथम पक्ष के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों एवं भूमाफियाओं द्वारा जमीन हड़पने की नीयत से कथित रूप से गलत तरीके से पर्चा निर्गत कर साजिश रची जा रही है। इस संबंध में प्रथम पक्ष ने पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह से मिलकर अतिक्रमण रोकने का अनुरोध किया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो बार अतिक्रमण रोकने की कार्रवाई भी की गई, लेकिन आरोप है कि तीसरी बार पुनः अतिक्रमण शुरू कर दिया गया।

प्रथम पक्ष का कहना है कि उनके पास जमीन की खरीदी से संबंधित निबंधित सेल डीड (Sale Deed) संख्या-10360, दिनांक 22 अक्टूबर 2001 उपलब्ध है। साथ ही जमीन का म्यूटेशन एवं सरकारी रसीद ऑनलाइन अपडेट है। संबंधित जमीन का रकबा लगभग 26 डिसमिल बताया जा रहा है।
प्रथम पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि द्वितीय पक्ष द्वारा प्रस्तुत पर्चे में जमीन की दो अलग-अलग चौहद्दी (सीमांकन) दर्शाई गई है, जो संदेहास्पद और गैर-कानूनी प्रतीत होती है।

मामले को विवादित बताते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून-व्यवस्था (Law & Order) को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की जिम्मेदारी है कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे और भविष्य में कोई अप्रिय घटना न घटे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर अतिक्रमण रोकने और मामले का निष्पक्ष समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।




