राज्य

रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति न मिलने के विरोध में किसान जनता पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी।

तिसरी (गिरिडीह), 17 अप्रैल 2025 — रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति की मांग को लेकर किसान जनता पार्टी का तिसरी प्रखंड कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना आज आठवें दिन भी जारी रहा। धरना का नेतृत्व पार्टी की अंचल अध्यक्ष नीलम कुमारी और संयोजक दासो मुर्मू कर रहे हैं।

यह आंदोलन झारखंड उच्च न्यायालय की रिट याचिका संख्या 5925/2022 में पारित आदेश और अपर समाहर्ता, गिरिडीह के निर्देश (पत्रांक 1854/2024) के आलोक में हो रहा है, जिसमें रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति देने की बात कही गई है। आरोप है कि हजारों आवेदनों के साथ शुल्क जमा होने के बावजूद तिसरी अंचल अधिकारी द्वारा रजिस्टर टू की प्रति अब तक नहीं दी गई है।

नीलम कुमारी ने कहा कि जब जमुआ, बगोदर और गांडेय जैसे अंचलों में रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति दी जा रही है, तो तिसरी में इसे रोका जाना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंचल अधिकारी अखिलेश प्रसाद किसानों की वैध मांग को नजरअंदाज कर रहे हैं और अपने गैरकानूनी कार्यों को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं।

संयोजक दासो मुर्मू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी भूमि गैर-आदिवासियों को बेचना प्रतिबंधित होने के बावजूद, अंचल अधिकारी ने बड़ी संख्या में ऐसी जमाबंदी कर दी है।

धरना में किसान जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और किसान भाग ले रहे हैं। इस आंदोलन में भागीरथ राय, खुशबू देवी, बैजुन मुर्मू, अन्ना मुर्मू, मनवेल हंसदा, जसिंता मरांडी, प्रमिला सोरेन, हीरामणि बास्के, जागो मुर्मू सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल हैं।

किसान जनता पार्टी ने यह स्पष्ट किया है कि जब तक रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति सभी आवेदकों को नहीं दी जाती, तब तक धरना और ब्लॉक गेट जाम जारी रहेगा।

NAWIN RAJ TIGER (JH / BR HEAD)

झारखंड और बिहार का सबसे भरोसेमंद हिंदी रीजनल न्यूज़ चैनल। यहाँ पाएँ – 📰 ताज़ा खबरें ⚡ ब्रेकिंग न्यूज़ 🏛 राजनीतिक अपडेट 🌍 राज्य और देश की प्रमुख घटनाएँ हमारा उद्देश्य है – तेज़, सटीक और निष्पक्ष समाचार आप तक पहुँचाना। झारखंड-बिहार की हर छोटी-बड़ी ख़बर के लिए बने रहिए हमारे NO1NEWS JHARKHAND, BIHAR के साथ। Mob: 8797907771

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!