गिरिडीह: महिला कॉलेज के पास दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से छीनी सोने की चेन

गिरिडीह शहर के बरगंडा स्थित महिला कॉलेज के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से ढाई भर की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़िता की पहचान बरगंडा प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सुमित्रा रंजन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह शाम को घर के पास स्थित कन्हैया मेडिकल से दवा लेने के बाद छापरिया जनरल स्टोर से कुछ घरेलू सामान खरीदने गई थीं। लौटते समय जैसे ही वह महिला कॉलेज के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आए और उनके गले से चेन छीन कर फरार हो गए।
सुमित्रा रंजन ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक से तेज रफ्तार में भाग निकले। पीड़िता ने इस संबंध में नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि छीनी गई चेन की कीमत लगभग दो लाख रुपये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।