
गिरिडीह, 17 अप्रैल 2025: पीरटाड़ प्रखंड सभागार में आज झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीरटांड़ मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता राज्य के जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री हफ़ीजुल हसन तथा नगर विकास, उच्च शिक्षा व पर्यटन मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने की।
बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्रीगणों ने कहा कि यह योजना पीरटांड़ के 17 पंचायतों और 191 गांवों के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। इससे सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत उपलब्ध होंगे, जिससे उन्नत खेती, बत्तख पालन, मछली पालन व कमल की खेती जैसी आजीविका बढ़ाने वाली गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्रियों ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि परियोजना में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही उपयोग किया जाए तथा सभी कार्य पारदर्शिता और समन्वय के साथ किए जाएं। परियोजना के माध्यम से सूखा प्रभावित क्षेत्रों में भी खेती की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बल मिलेगा।
इस योजना के अंतर्गत पाइपलाइन के माध्यम से सभी पंचायतों की कृषि योग्य भूमि तक पानी पहुंचाया जाएगा। साथ ही यह परियोजना जैव विविधता, आय में वृद्धि और बाढ़ नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाएगी।
बैठक में उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरटाड़, कार्यपालक अभियंता कोनार नहर डुमरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।