गिरिडीह जिला के जमुआ प्रखंड में तेज आंधी-तूफान से भारी नुकसान, आम का विशाल पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त

रिपोर्टर: चंदन राय | लोकेशन: जमुआ
गिरिडीह जिला के जमुआ प्रखंड अंतर्गत टिकामगहा पंचायत के सकलडीहा गांव में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तेज हवा और बारिश के कारण एक विशाल आम का पेड़ अचानक एक आवासीय मकान पर गिर गया। इस अप्रत्याशित घटना में लाखों की संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही थी, जिससे आम का पुराना और विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे मकान पर गिर पड़ा। इस दुर्घटना में मकान को गंभीर क्षति पहुंची है, और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 10 से 15 लाख रुपये तक की क्षति आंकी जा रही है।
घटना स्थल पर जिन मकानों को नुकसान पहुंचा है, उनके स्वामियों में सदानंद सिंह, मनोज सिंह, दिवाकर सिंह, महेंद्र सिंह, दीपक सिंह, पवन सिंह, अविनाश सिंह और विभोती सिंह शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा प्रदान करे तथा प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा हेतु पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आपदा प्रबंधन विभाग से इस संदर्भ में कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।