खटोरी पंचायत के सुदूरवर्ती इलाके में शिक्षा का उजाला बिखेर रहा “चिल्ड्रन’स गाइड पब्लिक स्कूल”

ग्राम खैरोंन से सटे CM चौक, घुठीया स्थित चिल्ड्रन’स गाइड पब्लिक स्कूल में इस बार स्वतंत्रता दिवस का जश्न अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। प्रभात फेरी से शुरू हुआ यह आयोजन झंडोत्तोलन के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बदल गया, जिसमें विद्यालय के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।

विद्यालय के डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल राजेश रंजन सर के नेतृत्व में सहायक शिक्षक सूरज सर, सुमन सर, रंजन सर और शिक्षिकाएँ भमुनी मैडम, ममता मैडम, चमेली मैडम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। यह संस्थान खान सर की तर्ज पर न्यूनतम शुल्क लेकर आदिवासी और पिछड़े वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है।

जहाँ शहरों के नामी स्कूल भारी-भरकम फीस वसूलते हैं, वहीं यह विद्यालय सीमित संसाधनों में भी बच्चों को ज्ञान का उजाला दे रहा है। खटोरी पंचायत के इस दूरस्थ कोने में शिक्षा की अलख जगाने वाले ऐसे प्रयास अक्सर लोगों की नज़रों से ओझल रह जाते हैं, जबकि असल मायनों में यही सच्चे राष्ट्रनिर्माता हैं।

चिल्ड्रन’स गाइड पब्लिक स्कूल आज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि उम्मीद, प्रेरणा और बदलाव का पर्याय बन चुका है।





