देवरी में पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि सभा आयोजित
देवरी। झामुमो प्रखंड कार्यालय, देवरी में सोमवार को पूर्व शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक स्व. रामदास सोरेन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की शुरुआत झामुमो के वरिष्ठ नेता विखंडन मंडल ने की। उन्होंने कहा कि स्व. सोरेन सदैव शिक्षा, आदिवासी समाज और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहे। वे शिक्षा सुधार के पुरोधा और गरीबों के सच्चे हितैषी थे। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा में नेताओं ने कहा कि मंत्री रहते हुए स्व. सोरेन ने झारखंड में विद्यालयों के विकास, शिक्षकों की नियुक्ति और बच्चों की पढ़ाई के लिए ऐतिहासिक पहल की। उन्होंने हमेशा मजदूर, किसान और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सभा के दौरान “रामदास सोरेन अमर रहें” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि उनके विचारों और आदर्शों को धरातल पर उतारने के लिए सभी दल मिलकर कार्य करेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पूर्व प्रमुख भीखन मंडल, जिला सह सचिव अनिल चौधरी, झामुमो नेता फुलचंद हाजरा, बम भोला सिंह, व्यास राय, टुकलाल हाजरा, किशोर वर्मा, कासिम अंसारी, हाफिज रहमत, मुखिया कैलाश यादव, सुरेश यादव, निजाम अंसारी, पौलूस हांसदा, जीतन हेम्ब्रम, अहमद अंसारी, मनीष चौधरी, कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष मनोज राय, कांग्रेस नेता नरेश महथा, किशोर राय, जिला परिषद सदस्य विमल कुमार सिंह, 20 सूत्री उपाध्यक्ष धोकल दास, राजद नेता रामकिशुन यादव, माले के प्रखंड सचिव मुस्तकीम अंसारी, तालों मरांडी, भीमसेन हेंब्रम, सहायक अध्यापक महासंघ के जिला महासचिव सुखदेव हाजरा, संघ के प्रखंड अध्यक्ष उमेश प्रसाद राय, सचिव उमेश कुमार, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके आदर्श सदैव समाज को नई दिशा दें।




