गृह रक्षक बहाली में गड़बड़ी का आरोप, अभ्यर्थियों ने डीसी से लगाई गुहार

गिरिडीह : गृह रक्षक वाहिनी की बहाली को लेकर गिरिडीह जिले में विवाद गहराता जा रहा है। तिसरी प्रखंड के सैकड़ों अभ्यर्थी शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत जारी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए डीसी को लिखित शिकायत सौंपी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि तिसरी प्रखंड के लिए आरक्षित सीटों पर गांवा, देवरी और जमुआ प्रखंड के कई उम्मीदवार फर्जी जाति और स्थानीय प्रमाण पत्र के आधार पर आवेदन कर चुके हैं। आरोप है कि इन बाहरी प्रखंडों के अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में मौका मिल रहा है, जिससे तिसरी प्रखंड के असली हकदार युवाओं का अधिकार छीना जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यह सीधी-सीधी धांधली है और यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो वे आंदोलन का सहारा लेंगे। अभ्यर्थियों ने मांग की कि सभी बाहरी प्रखंडों से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के प्रमाण पत्रों की सख्ती से जांच की जाए और फर्जी पाए जाने पर उनका आवेदन तत्काल रद्द करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
डीसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस दौरान आनंदी यादव, श्रीराम यादव, राजू यादव, पप्पू यादव, मिथलेश यादव, मुकेश यादव, पवन कुमार, अनुज कुमार, सुबोध कुमार, मुन्ना कुमार और अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।



