
मुकेश कुमार /संवादाता NO1 NEWS jharkhand Bihar
गिरिडीह। नगर विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान गिरिडीह निवासी अंकित मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे विशेष टीम की मदद से पटना से धर दबोचा।
बताया जाता है कि आरोपी युवक ने हाल ही में फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर दोनों मंत्रियों को अगले 24 घंटे में उड़ा देने की धमकी दी थी। वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैल गई और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रैक कर लिया। इसके बाद बिहार पुलिस के सहयोग से उसे पटना से गिरफ्तार कर गिरिडीह लाया गया।
इधर, गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के आपराधिक पृष्ठभूमि और उसके संपर्कों की भी छानबीन की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने के पीछे उसका मकसद क्या था और कहीं इसमें किसी बड़ी साजिश की भूमिका तो नहीं है।
घटना के बाद से दोनों मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। वहीं, इस धमकी प्रकरण ने जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




