तेज रफ्तार ओमनी कार पेड़ से टकराई, चालक बाल-बाल बचा।

बेंगाबाद। गिरिडीह-देवघर मुख्य मार्ग (NH-114) पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बारासोली मोड़ के समीप एक ओमनी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार का चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार संख्या JH 16 A 4484 देवघर से गिरिडीह की ओर तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया और चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका। कुछ ही सेकेंड में कार सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन या लोग मौजूद नहीं थे, वरना यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था। वहीं चालक को हल्की खरोंचें आईं, लेकिन उसकी जान खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि NH-114 पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर बारासोली मोड़ के आसपास कई बार हादसे हो चुके हैं।




