बेंगाबाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, पत्नी के सामने हुई वारदात
बेंगाबाद (गिरिडीह):
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडराडीह गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में 30 वर्षीय युवक अनाउल अंसारी की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


जानकारी के अनुसार, अनाउल अंसारी अपनी पत्नी लाडली बानो के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी के सामने ही अनाउल जमीन पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।

पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अनाउल को गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपसी रंजिश की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनाउल अंसारी की हत्या के पीछे आपसी रंजिश हो सकती है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।




