
झारखंड / गिरिडीह : गिरिडीह ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को सुकन्या लक्ष्मी जन सहयोग फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भव्य डांडिया नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गिरिडीह बीडीओ गणेश रजक, निवर्तमान बेंगाबाद सीओ, प्रोफेसर विनीता कुमारी एवं संस्था की सचिव शिल्पा कुमारी बर्मन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान गिरिडीह बीडीओ गणेश रजक का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।

संस्था की ओर से बताया गया कि डांडिया नाइट का आयोजन बहुत कम समय में कर गिरिडीह की जनता को एक सांस्कृतिक उपहार स्वरूप दिया गया है।
सुकन्या लक्ष्मी जन सहयोग फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नाट्य कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, पठन-पाठन सामग्री का वितरण, गरीब परिवार की बच्चियों के विवाह में आर्थिक-सामाजिक सहयोग जैसे कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था का कार्यक्षेत्र गिरिडीह, डुमरी, मधुपुर और देवघर समेत कई प्रखंडों तक फैला हुआ है।

डांडिया नाइट कार्यक्रम में ब्लॉक परिसर के सहयोगी नकुल पाठक सहित संस्था के लगभग 11 सदस्य — सुनंद प्रसाद, सोनी कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि सिंह, पूनम देवी, निसरत प्रवीण, रानी कुमारी, क्लर्क मनोवर आलम आदि मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता को मजबूती मिलती है।
अगर किसी भी प्रकार का खबर देना हो या विज्ञापन हो तो संपर्क करें : 8797907771




