पेंशम में भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र शुरू — अब ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी गांव में ही…

गिरिडीह | रिपोर्ट – रघुनन्दन कुमार मेहता
स्थान: बिरनी प्रखंड, पेंशम पंचायत
बिरनी प्रखंड क्षेत्र के पेंशम पंचायत में सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक, जमुआ शाखा द्वारा वेदावाग सिस्टम लिमिटेड के सहयोग से एक ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Point – CSP) का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत की मुखिया रागिनी सिन्हा एवं वेदावाग सिस्टम लिमिटेड के जिला समन्वयक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया।

मुखिया रागिनी सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि पेंशम जैसे सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खुलना ग्रामीणों के लिए बहुत बड़ी राहत की बात है।
उन्होंने कहा कि बिरनी प्रखंड में एसबीआई की शाखा नहीं होने के कारण विशेषकर सेवानिवृत्त सरकारी कर्मियों को पेंशन निकासी और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। अब पेंशम में ही यह सेवा केंद्र खुलने से ग्रामीणों को आसानी से सभी बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी।
वेदावाग सिस्टम के जिला समन्वयक विकास कुमार ने बताया कि इस केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी पंकज कुमार बर्मा को दी गई है। यह केंद्र प्रतिदिन नियमित रूप से खुला रहेगा। यहां से ग्रामीणों को जनधन खाता खोलना, आवर्ती जमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का उद्देश्य ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में मुखिया पति मनीष कुमार सिन्हा, गादी मुखिया गुलावती देवी, धुरगडगी मुखिया झरी महतो, समाजसेवी रामकिशोर यादव, प्रदीप बर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
📸 चित्र परिचय: केंद्र का फीता काटते हुए मुखिया रागिनी सिन्हा एवं जिला समन्वयक विकास कुमार
🎥 वीडियो: ग्राहक सेवा केंद्र उद्घाटन समारोह, पेंशम पंचायत




