BengabadGiridih

लकठाही में डालिया पर्व को लेकर उत्साह, नवयुवक संघ ने चलाया सफाई अभियान।

मुकेश वर्मा/ संवादाता NO1 NEWS Jharkhand Bihar 

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत लकठाही गांव में इस वर्ष होने वाले डलिया पर्व को लेकर गांव में हर्ष और उल्लास का माहौल है। आगामी पर्व की तैयारी को लेकर नवयुवक संघ लकठाही के सदस्य पूरी तत्परता के साथ जुटे हुए हैं। गांव के मुख्य चौक-चौराहों, मंदिर परिसर और सड़कों की साफ-सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। संघ के सदस्यों ने सुबह से ही झाड़ू, कुदाल और फावड़ा लेकर पूरे गांव में सफाई अभियान चलाया ताकि पर्व के दिन किसी भी व्रती या श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

गांव के बुजुर्गों ने बताया कि डलिया पर्व हमारे गांव की परंपरा और आस्था से जुड़ा हुआ पर्व है। यह पर्व सूर्य  भगवान को अरग देकर मनाया जाता है। खास बात यह है कि यह पर्व चार वर्ष में एक बार मनाया जाता है, जिससे ग्रामीणों में इसका विशेष आकर्षण और महत्व रहता है। बुजुर्गों के अनुसार, इस पर्व का आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि यह गांव की एकता और सामूहिकता का प्रतीक भी है। इस दिन गांव के सभी लोग मिलकर भगवान ऐश्वर्य की पूजा-अर्चना करते हैं और व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान के साथ व्रत रखती हैं।

 

इस पर्व को लेकर गांव के बच्चों और युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बच्चे कई दिनों से ही इसकी तैयारियों में जुटे हैं — कोई सजावट का काम संभाल रहा है तो कोई पूजा स्थल की व्यवस्था में लगा है। शुक्रवार को गांव में पारंपरिक रीति के अनुसार “नहाय-खाय” का दिन मनाया जाएगा । सुबह से ही महिलाओं ने अपने घरों की साफ-सफाई की, और पूजा-अर्चना के साथ डलिया पर्व की तैयारी शुरू की।

नवयुवक संघ लकठाही के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि इस बार का डलियापर्व गांव में एक मिसाल बने। सफाई अभियान के साथ-साथ उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। संघ के सदस्यों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भी सफाई में सहयोग करें और त्योहार के दौरान किसी प्रकार की गंदगी या प्लास्टिक का उपयोग न करें।

 

इस सफाई अभियान में मुख्य रूप से प्रवीण कुमार कुशवाहा, दिलीप कुमार वर्मा, हर्षलाल कुमार, मनोज कुमार,  झारखंडी महतो, नितेश कुमार, कुमार आशीष, कालेश्वर कुमार, पत्रकार मुकेश वर्मा, सुधांशु कुमार, राकेश कुमार, उदय कुमार वर्मा,अमित कुमार, अभिषेक कुमार, आनंद कुमार,भागीरथ कुमार,  सुजीत कुमार, सागर कुमार, अजित कुमार, प्रहलाद वर्मा सहित दर्जनों युवक सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पूरे गांव में सफाई का कार्य संपन्न किया और आने वाले पर्व को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दिया।

गांव के प्रधान और बुजुर्गों ने नवयुवक संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की यह पहल गांव में सकारात्मकता और सहयोग की भावना को मजबूत कर रही है। सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सौहार्द, एकता और स्वच्छता का प्रतीक है।

 

लकठाही में इस बार का दलिया पर्व उत्साह, एकता और भक्ति के माहौल में मनाया जाएगा — यही गांववासियों की कामना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!