बनहती में भीषण सड़क हादसा—एक की मौत, दो गंभीर, तेज रफ्तार कार चालक फरार।

मुकेश कुमार/ संवादाता NO1 NEWS Jharkhand Bihar
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बनहती में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक गिरिडीह से अपने घर बारसोली लौट रहे थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। जैसे ही वे बनहती के पास पहुँचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और तीनों को गंभीर अवस्था में उठाकर गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने 17 वर्षीय कुंदन तुरी को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों में सागर कुमार (16 वर्ष), पिता – मिंटू तुरी, और सुमित तुरी (15 वर्ष) शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि NH-114 पर तेज रफ्तार वाहनों का दबदबा बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़क हादसों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक निगरानी की व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान में जुटी है।
हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की




