SDPO जितवाहन उरांव के नेतृत्व में चलाया गया वाहन चेकिंग अभियान।
अपराध पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी
मुकेश कुमार / संवादाता NO1 NEWS Jharkhand Bihar
गिरिडीह | नववर्ष 2026 को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गिरिडीह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) जितवाहन उरांव के नेतृत्व में शुक्रवार देर रात व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान गिरिडीह कॉलेज मोड़ स्थित पुलिस सहायता केंद्र के पास लगाया गया, जहां देर रात तक वाहनों की सघन जांच की गई।

इस विशेष जांच अभियान के दौरान बाइक, कार, चारपहिया व अन्य वाहनों को रोककर बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस टीम ने वाहनों की डिक्की की जांच के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (RC), बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक कागजातों का गहन निरीक्षण किया। बिना कागजात अथवा संदिग्ध स्थिति में पाए गए वाहनों और चालकों से पूछताछ भी की गई।
SDPO जितवाहन उरांव ने बताया कि नववर्ष के मौके पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर त्योहारों और नववर्ष के दौरान हुड़दंग, नशाखोरी और आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस बल ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी। कई स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और सभी वैध दस्तावेज साथ रखने की अपील की।
इस अभियान में स्थानीय थाना की पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त बल भी तैनात किए गए थे, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। देर रात तक चलने वाले इस अभियान के कारण कॉलेज मोड़ और आसपास के इलाकों में पुलिस की सख्त मौजूदगी देखने को मिली, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा।
SDPO ने यह भी स्पष्ट किया कि यह जांच अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नववर्ष के दौरान जिले के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भी लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस के इस सघन वाहन चेकिंग अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप देखा गया, वहीं आम नागरिकों ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम बताया। नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।




